नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग तथा जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी एवं दक्षिण कोरिया के महासागर एवं मत्स्य मंत्री किम यंग सुक ने मुंबई में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
दक्षिण कोरिया के मंत्री किम के नेतृत्व में एक दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल सामुद्रिक भारत सम्मेलन, 2016 (एमआईएस, 2016) में भाग लेने के लिए मुंबई में है।
यहां जारी एक बयान के अनुसार, यह एमओयू बंदरगाह संबंधित मामलों में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सहयोग एवं आपसी सहायता से संबंधित है। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने छह अप्रैल को इस एमओयू पर हस्ताक्षर करने के लिए जहाजरानी मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
एमआईएस, 2016 भारत सरकार के जहाजरानी मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है, जो भारत के सामुद्रिक क्षेत्र में संभावित व्यवसाय अवसरों की खोज करने के लिए भागीदारों को एक अनूठा मंच मुहैया कराती है। एमआईएस, 2016 का आयोजन मुंबई में 14 अप्रैल से किया जा रहा है और इसमें सम्मेलन, प्रदर्शनी एवं डेमो सत्रों का आयोजन किया जाएगा।
दक्षिण कोरिया एमआईएस, 2016 का साझेदार देश है। दक्षिण कोरिया के 100 से अधिक भागीदारों का एक शिष्टमंडल सम्मेलन में भाग ले रहा है।
बयान के अनुसार, इस समझौते से बंदरगाहों के विकास, बंदरगाह संबंधित उद्योग, सामुद्रिक संबंधों एवं प्रौद्योगिकी को साझा करने के दायित्वों में सहयोग प्राप्त होने, बंदरगाह विकास एवं संचालन के क्षेत्रों में अनुभव, बंदरगाह विकास के क्षेत्र में निर्माण, इंजीनियरिंग एवं संबंधित पहलुओं पर जानकारियों के आदान-प्रदान, बंदरगाह संबंधित निर्माण एवं इंजीनियरिंग परियोजनाओं में संयुक्त भागीदारी, बंदरगाह एवं संबंधित शिक्षा एवं प्रशिक्षण, तथा सहयोग के अन्य प्रकारों जिन पर दोनों देशों के बीच आपसी रूप से सहमति हो सकती है, के क्षेत्र में प्रत्येक देश के संबंधित मंत्रालयों के अधिकारियों समेत विशेषज्ञों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath