भारत ने काबुल आतंकी हमले की निंदा की

नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। भारत ने मंगलवार को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की।

काबुल हमले में एक भारतीय नागरिक सहित चार लोगों की मौत हो गई थी और बहुत से लोग घायल हो गए थे।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “भारत इस भयावह आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता है, जिसमें एक भारतीय नागरिक व कई अन्य लोगों की मौत हो गई।”

इसमें कहा गया, “हम इस कायराना हमले के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गंभीर संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

बयान में कहा गया कि काबुल में भारतीय दूतावास भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को स्वदेश भेजने के कदम उठा रहा है।

भारत ने हमले के दोषियों व ऐसे लोगों को पनाह देने वालों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाने की मांग की।

काबुल में सोमवार की शाम हुए विस्फोट में चार लोगों के मौत की पुष्टि हुई है और 23 बच्चों सहित 90 अन्य लोग घायल हुए हैं।

यह बम हमला ग्रीन विलेज में हुआ। यह अफगान निर्वाचन आयोग के मुख्य कार्यालय के पास बेहद सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है।

यह विस्फोट अफगान चुनाव निकाय द्वारा बहुप्रतीक्षित काबुल के संसदीय चुनावों के प्रारंभिक नतीजों की घोषणा के घंटे भर बाद हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493