नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने शुक्रवार को मिस्र के मस्जिद में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की। इस हमले में 270 लोगों की मौत हो गई थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, “भारत सरकार इस जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करती है, जिसमें आज मिस्र के उत्तरी सिनाई के बीर-अल-अबेद में निर्दोष लोगों की जान चली गई।”
उन्होंने कहा, “इस दुख की घड़ी में सरकार और भारत के लोग मिस्र की सरकार और वहां के लोगों के साथ खड़े हैं।”
उन्होंने कहा, “हम इस हमले में प्रभावित परिवार वालों और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। यह हमला हमें एक बार फिर याद दिलाता है कि हमें आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए वैश्विक रणनीति अपनाने की जरूरत है।”
गौरतलब है कि शुक्रवार को मिस्र के सिनाई की एक मस्जिद में हुए आतंकवादी हमले में 270 लोगों की मौत हो गई और 109 लोग घायल हो गए।
dharmpath.com dharmpath