भारत-पाकिस्तान के बीच विदेश सचिव स्तर की वार्ता जनवरी में संभव

नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान अगले वर्ष जनवरी में विदेश सचिव स्तर की वार्ता कर सकते हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली।

सूत्रों ने बताया, “यह वार्ता अगले वर्ष 15 जनवरी को इस्लामाबाद में हो सकती है, जिसमें भारत के विदेश सचिव एस. जयशंकर अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।”

अभी हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि पेरिस में जलवायु परिवर्तन पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान 30 नवंबर को मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच हुई छोटी सी मुलाकात के बाद से दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार देखने को मिला है।

मोदी और शरीफ के बीच हुई इस मुलाकात के ठीक बाद भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पाकिस्तान यात्रा पर गईं और ‘हार्ट ऑफ एशिया’ सम्मेलन में हिस्सा लेने के अलावा उन्होंने पाकिस्तान के विदेश मंत्री से भी मुलाकात की। इस दौरान सुषमा, शरीफ से भी मिलीं।

सुषमा और शरीफ के बीच हुई बैठक के दौरान सुषमा ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2016 में पाकिस्तान का दौरा करेंगे।

स्वराज ने बाद में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि दोनों देशों ने फिर से एक व्यापक वार्ता प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति जाहिर की है।

विदेश सचिवों की वार्ता में शांति और सुरक्षा, कश्मीर, सियाचिन, सर क्रीक, वुल्लर बैराज, तुलबुल नौवहन परियोजना, आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग, आतंकवाद का मुकाबला, मादक पदार्थ नियंत्रण, मानवीय मुद्दों, नागरिक के बीच संपर्क और धार्मिक पर्यटन से जुड़े मुद्दे शामिल हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले 60 वर्षो में कश्मीर विवाद को लेकर तीन बार युद्ध हो चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493