भारत-पाकिस्तान के विदेश सचिवों की बैठक अगले माह!

इस्लामाबाद, 24 जनवरी (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों की मुलाकात अगले माह हो सकती है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को कहा कि फरवरी में एक बैठक के लिए दोनों पक्षों ने सहमति जताई है, लेकिन अभी तक इस संबंध में तारीख का फैसला नहीं हुआ है।

इससे पहले दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तर की वार्ता 15 जनवरी को होनी थी, लेकिन पंजाब के स्थित वायुसेना के हवाईअड्डे पर हुए आतंकवादी हमले के बाद यह स्थगित हो गई।

पठानकोट वायुसेना हवाईअड्डे पर दो जनवरी को हुए आतंकवादी हमले में सुरक्षा बलों के सात जवान शहीद हो गए। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में छह आतंकवादियों को मार गिराया।

भारत ने इस हमले का आरोप पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेइएम) पर लगाया।

‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, वार्ता की नई तारीख निर्धारित करने के लिए दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं।

पठानकोट वायुसेना हवाईअड्डे पर हुए आतंकवादी हमले में जैश की संलिप्तता पर भारत द्वारा दिए गए सबूतों की जांच के लिए पाकिस्तान ने एक टीम का गठन किया है।

बैठक के स्थगन पर इस्लामाबाद और नई दिल्ली की ओर से जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया, “पाकिस्तान और भारत जल्द ही विदेश सचिव स्तर की वार्ता की नई तिथि निर्धारित करने पर सहमत हैं।”

इस बीच, पाकिस्तानी जांचकर्ताओं की पठानकोट यात्रा की तिथि अभी तक तय नहीं हो पाई है।

गृह मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा, “टीम पहले सरकार को अपनी रिपोर्ट पेश करेगी, जिसके बाद यात्रा के बारे में फैसला लिया जाएगा।”

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने इस सप्ताह में कहा था, “हम पठानकोट आतंकवादी हमले में पाकिस्तान द्वारा की जा रही जांच की प्रगति पर बहुत करीब से नजर रख रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493