वाशिंगटन, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान को अपने रिश्तों के सामने पेश कुछ जटिल समस्याओं का राजनयिक हल ढूंढने के लिए बातचीत जारी रखनी चाहिए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जान किर्बी ने बुधवार को संवाददाताओं के सवाल के जवाब में यब बात कही। उनसे पूछा गया था कि क्या अमेरिका, पाकिस्तानी सैन्य जनरलों की भारतीय अधिकारियों से सीधी वार्ता को किस रूप में देखता है? इस पर किर्बी ने कहा, “जो बात हम होते हुए देखना चाहते हैं, वह यह है कि भारत और पाकिस्तान द्विपक्षीय रूप में अपने मसलों को हल करें।”
उन्होंने कहा, “और, हम यह इन्हीं देशों पर छोड़ना चाहते हैं कि वही तय करें कि कौन किससे मिलेगा और कौन किस मुद्दे पर वार्ता के लिए बैठेगा।”
किर्बी ने कहा, “हम विचार-विमर्श को जारी रहते देखना चाहते हैं। इसलिए हमें हाल में भारत और पाकिस्तान के बीच की बातचीत से खुशी हुई है। यही वह बात है जिसे हम प्रोत्साहित करना चाहते हैं।”
अमेरिका में पाकिस्तानी जनरलों की मुलाकातों के बारे में किर्बी ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। वे यहां अपने समकक्षों से मिलने आते हैं और हमारे सैन्य अधिकारी उनके यहां जाते रहते हैं।
उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के साथ हमारा द्विपक्षीय संबंध महत्वपूर्ण है। यह महत्वपूर्ण बना रहेगा, सिर्फ सेना के साथ नहीं बल्कि निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ भी।”
dharmpath.com dharmpath