लंदन, 28 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और ब्रिटेन के बीच जल्द ही शहरी परिवहन के क्षेत्र में नीति नियोजन, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और संस्थागत संगठन में सहयोग के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किया जाएगा। सरकार ने मंगलवार को यह घोषणा की।
परिवहन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह समझौता कुशल गतिशीलता समाधान को बढ़ावा देने के लिए और विशेषज्ञता तथा नवीनतम प्रौद्योगिकी को साझा करने के लिए किया जा रहा है।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जहाजरानी और जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को लंदन में ब्रिटेन के परिवहन मंत्री क्रिस ग्रेयलिंग से मुलाकात की और दोनों पक्षों ने समझौते के मसौदे पर चर्चा की।
समझौते के मसौदे में परिवहन क्षेत्र में दोनों देशों के बीच विशेषज्ञता का आदान-प्रदान एवं तकनीक के जरिए परिवहन सुगमता को बढ़ावा देने के लिए आपसी सहयोग शामिल है। ऐसे नीतिगत सुधारों की भी आशा व्यक्त की गई है, जिससे परिवहन क्षेत्र में बेहतर ग्राहक सेवाओं, आंकड़ों का विश्लेषण और सूचना प्रौद्योगिकी प्रणाली के जरिए बदलाव आए। इस समझौते से देश में डिजिटल लेनदेन और अधिक क्षमता वाले डीजल और इलैक्ट्रिक वाहनों के चलन को बढ़ावा मिलेगा।
नितिन गडकरी के इस वर्ष मई में लंदन दौरे के बाद इस समझौते पर हस्ताक्षर के बारे में निर्णय हुआ था।
इस दौरे पर उन्होंने लंदन परिवहन और भारतीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के बीच द्विपक्षीय सहयोग के प्रावधानों को अंतिम रूप दिया, जिनमें शहरी क्षेत्रों में परिवहन से जुड़े समाधानों और अन्य गतिविधियों को शामिल किया गया है।
dharmpath.com dharmpath