नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। भारत में इटली के राजदूत लोरेंजो एंजेलोनी और इटली के व्यापार आयुक्त डॉ. फ्रांसेस्को पेंसाबेने ने मंगलवार को भारत में पहली बार ‘मेड इन इटली’ को बढ़ावा देने वाले अभियान ‘इटली : द एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी कॉमनप्लेस” शुरू करने की घोषणा की।
इस अभियान के तहत जिन क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जाएगा उनमें डिजायन, फैशन, खानपान, खाद्य उद्योग, अवसंरचना, स्मार्ट सिटी और फर्नीचर शामिल हैं। इन क्षेत्रों के लिए इटली में बने उत्पादों को देश भर में बढ़ावा देने के लिए हर क्षेत्र से जुड़ी प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।
इस अभियान का उद्देश्य इटली के उत्पादों के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना, इटली की कंपनियों को भारत में बढ़ावा देना और इटली की कंपनियों के लिए नए व्यापार क्षेत्रों की खोज करना है।
इस अभियान के तहत 11 और 12 मार्च को यहां स्थित डीएलएफ एम्पोरियो मॉल के सहयोग से ‘ला डोल्से विटा : इटैलियन फैशन, लक्जरी एंड लाइफस्टाइल’ का आयोजन किया जाएगा। यहां इटली की प्रमुख फैशन कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
dharmpath.com dharmpath