उज्जैन, 14 मई (आईएएनएस)। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने यहां शनिवार को कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध हैं, भविष्य में रिश्तों में और विस्तार होगा।
मध्यप्रदेश के उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ कुंभ के दौरान निनोरा में आयोजित तीन दिवसीय ‘अंतर्राष्ट्रीय विचार कुंभ’ के समापन समारोह में बतौर विशेष अतिथि शामिल हुए श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध और उनसे जुड़े विषयों पर भारत और श्रीलंका के बीच गहरी समझ है।
मध्यप्रदेश के सांची में अनागरिक धम्मपाल की प्रतिमा स्थापित किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध हैं।
समारोह में राष्ट्रपति सिरिसेना के साथ श्रीलंका के नेता प्रतिपक्ष आर. संपंथन भी मौजूद थे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी व्याख्यान दिया। समारोह की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने की।
dharmpath.com dharmpath