भारत 2018 तक पाकिस्तान से लगी सीमा सील करेगा : राजनाथ (लीड-1)

जैसलमेर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत दिसंबर, 2018 तक ऊंची दीवारें खड़ी कर पाकिस्तान से लगी अपनी सीमा पूरी तरह से सील कर देगा।

पाकिस्तान के साथ सीमा पर बढ़ते हुए तनाव के हालात के मद्देनजर एक समीक्षा बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि सीमा को बंद करने का काम समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।

सिंह ने कहा, “गृह मंत्रालय ने दिसंबर 2018 तक भारत-पाकिस्तान सीमा को पूरी तरह से बंद करने का लक्ष्य तय किया है। यह कार्रवाई योजना समयबद्ध तरीके से होगी और इस क्रियान्वयन पर मासिक और तिमाही निगरानी की जाएगी।”

उन्होंने कहा कि इसकी निगरानी गृह मंत्रालय, राज्य स्तर और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) स्तर पर की जाएगी।

सिंह ने कहा, “हमने निगरानी पर खास जोर दिया है, क्योंकि दिसंबर 2018 तक हम भारत-पाकिस्तान सीमा को पूरी तरह बंद करने का लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा कि नदी क्षेत्र वाले इलाकों को बंद करने के लिए हम तकनीकी सहायता लेंगे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि एक नई अवधारणा ‘सीमा सुरक्षा ग्रिड’ का इस्तेमाल इसकी जगह किया जाएगा। सीमावर्ती राज्यों को इसके लिए सुझाव देने को कहा गया है।

बैठक में राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और गुजरात के गृहमंत्री प्रदीपसिंह जडेजा सहित राजस्थान, पंजाब, गुजरात और जम्मू एवं कश्मीर के मुख्य सचिवों ने भी भाग लिया।

सिंह ने यह भी कहा कि राज्यों को सीमा सुरक्षा बलों की शिकायत पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा, “मैंने राज्यों से आग्रह किया है कि जब भी बीएसएफ कोई शिकायत करती है, तो उन्हें इसे सही तरीके से पंजीकृत करना चाहिए और जांच कर आरोप पत्र दाखिल होना चाहिए। जो भी दोषी पाया जाए उसे सजा मिलनी चाहिए, राज्यों को इस पहलू पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। “

भारत की 3,323 किलोमीटर (नियंत्रण रेखा सहित) लंबी जमीनी सीमा पाकिस्तान साथ लगी है। यह गुजरात, राजस्थान, पंजाब और जम्मू एवं कश्मीर राज्यों से जुड़ी हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493