भारी बारिश के कारण रद्द हुआ डकार रैली का पहला चरण

ब्यूनस आयर्स, 4 जनवरी (आईएएनएस)। दुनिया की जटिलतम रेसों में शुमार डकार रैली का पहला चरण भारी बारिश और खराब मौसम के चलते रद्द कर दिया गया। रैली के पहले ही दिन एक कार बहकर दर्शकों के बीच जा घुसी, जिसमें 13 दर्शक घायल हो गए।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने रविवार को रैली के आयोजकों के हवाले से कहा, “सुबह से ही शुरू हुई भारी बारिश के चलते सड़क भी दिखना बंद हो गया। सबसे बड़ी परेशानी तब खड़ी हुई जब घने बादल के कारण हेलीकॉप्टर भी उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते रेस डाइरेक्टर एतिएने लाविग्ने के पास रेस को रद्द करने के सिवा कोई चारा नहीं बचा।”

पहला चरण रद्द होने की घोषणा के बाद सभी चालक विला कार्लोस पाज पर पहुंच गए।

डकार रैली का यह संस्करण अर्जेटीना से शुरू हुआ है और अर्जेटीना में ही संपन्न होगा। हालांकि मौजूदा संस्करण की मुख्य रेस से पूर्व रविवार को हुई प्रारंभिक रेस में पदार्पण करने वाली चीन की महिला चालक गुओ मीलिंग की कार (नं. 360) 6.6 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद मार्ग से भटक गई और 13 दर्शकों को घायल कर बैठी।

रैली से संबद्ध अग्निशमन एजेंसी आरेसिफेस के अध्यक्ष मिगुएल सांजेज ने कहा, “घायल हुए 13 दर्शकों को सैंटा फ्रांसिस्का रोमाना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।”

सांचेज ने बताया कि घायलों में कई को गंभीर चोटे आई हैं और कुछ की हड्डियां तक टूट गई हैं।

गुओ अपने सह-चालक के साथ सकुशल बच गईं, हालांकि इस हादसे के बाद वह सदमे में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493