बेंगलुरू, 20 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक में भारी बारिश की वजह से यहां की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। सोमवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने कहा कि बेंगलुरू में रविवार को बारिश हुई थी, और सोमवार को अधिक बारिश होने की संभावना है।
अधिकारियों ने कहा कि पिछले दो दिनों से भारी बारिश की वजह से कावेरी, तुंगा और भद्रा नदियां उफान पर हैं।
भारी बारिश की वजह से शिवमोगा जिले के तीर्थहल्ली और होसानगर कस्बों में सोमवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। यहां के निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं।
बेंगलुरू में रविवार को हल्की बारिश हुई, जबकि एचएएल हवाईअड्डा पर सात मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। केंपेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 16.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
बेंगलुरू में रविवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से एक डिग्री नीचे रहा। अधिकतम तापमान भी औसत से एक डिग्री कम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath