पटना, 12 मई (आईएएनएस)। बिहार में मंगलवार को आए भूकंप के दो उच्च तीव्रता वाले झटकों के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार भूकंप पीड़ितों की हर संभव सहायता करेगी। उन्होंने लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “भूकंप के बाद सरकार की ओर से अलर्ट जारी कर दिया गया है। भय के इस वातावरण में धैर्य का परिचय देते हुए हिम्मत से काम लेना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, भूकंप के दौरान अब तक छह लोगों के अधिकारिक तौर पर मारे जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि अब तक 15 लोगों की मौत की सूचना है, जिसके संबंध में जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं।”
मुख्यमंत्री ने भूकंप पीड़ितों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन देते हुए कहा कि मृतक के परिजनों को जहां चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा, वहीं घायलों को मुफ्त इलाज करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में गांव-गांव तक जाकर भूकंप पीड़ितों की जानकारी जुटाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने लोगों से एक-दूसरे के सहयोग के लिए आगे आने की भी अपील की।
उल्लेखनीय है कि बिहार में मंगलवार दोपहर भूकंप के लगातार दो झटके महसूस किए गए। भूकंप का पहला झटका 12़ 38 बजे, जबकि दूसरा 1़ 07 बजे महसूस किए गए। लगातार आ रहे भूकंप के झटके के कारण लोग दहशत में हैं।
dharmpath.com dharmpath