संयुक्त राष्ट्र, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने लीबिया के तट से दूर लगभग 700 प्रवासियों से भरी नौका डूब जाने की घटना के बाद, भूमध्य सागर में मजबूत खोज एवं बचाव क्षमता को सुनिश्चित करने के लिए ‘व्यापक और सामूहिक’ प्रयास करने का आह्वान किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, बान के प्रवक्ता ने बयान जारी कर बताया, “महासचिव, लीबिया के तट पर 700 प्रवासियों से भरी जहाज के डूबने की खबर से बहुत हैरान और दुखी हैं।”
बयान के मुताबिक, पिछले सप्ताह भी ऐसा ही एक और हादसा हुआ था, जिसमें सैकड़ों प्रवासियों और शरणार्थियों के मारे जाने की खबर मिली थी।
बयान में कहा गया, “ये खबरें भूमध्य सागर में खोज एवं बचाव क्षमता को तत्काल मजबूत करने की जरूरत याद दिलाती हैं।”
इटली के सिसली द्वीप में शनिवार रात 700 प्रवासियों के डूबने की आशंका है। सिसली भूमध्य सागर में लीबिया के उत्तरी दिशा में स्थित है।
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायोग के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त जहाज में सवार लगभग 700 लोगों में से 50 लोगों को ही बचाया जा सका है।
इस साल कम से कम 2,18,000 प्रवासियों ने दक्षिणी सीमा से यूरोप में प्रवेश करने की कोशिश की है, जिनमें 3,500 लोगों की मौत हो गई।
इधर, बयान में कहा गया, “महासचिव यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्यों द्वारा अपनी सीमाओं के भीतर शरण की मांग करने वाले शरणार्थियों की दुर्दशा पर ध्यान देने को लेकर चल रहे प्रयास को तेज करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath