भूमि विधेयक पर कोई समझौता नहीं : सोनिया (लीड-2)

नीमच, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में प्राकृतिक आपदा पीड़ितों का हाल जानने गुरुवार को नीमच जिले के दौरे पर आईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का भूमि अधिग्रहण विधेयक किसान और जनविरोधी है, लिहाजा कांग्रेस की ओर से इस विधेयक का विरोध जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

सोनिया ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2013 में भूमि अधिग्रहण कानून सभी दलों की सहमति से बनाया गया था। उस वक्त भाजपा ने भी इसका समर्थन किया था, इसलिए सभी दलों की राय से बने इस कानून में बदलाव स्वीकार्य नहीं है।

प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुए नुकसान की चर्चा करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि यहां के किसानों का सब कुछ बर्बाद हो गया है, उनके पास कुछ भी नहीं बचा है। केंद्र व राज्य सरकार को बगैर किसी भेदभाव के किसानों को राहत देनी चाहिए। कांग्रेस किसानों के हितों और हक के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज किशोर की नस्लभेदी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर सोनिया ने कहा, “संकीर्ण मानसिकता वालों पर किसी तरह की टिप्पणी या बयान देना मुनासिब नहीं है और टिप्पणी न करना ही उनका जवाब माना जाए।”

नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्री गिरिराज ने हाल ही में एक बयान दिया है कि “राजीव गांधी अगर किसी नाइजीरियाई युवती से ब्याह करते और सोनिया गांधी अगर गोरी चमड़ी की न होतीं तो कांग्रेस क्या उन्हें अध्यक्ष के रूप में स्वीकार कर लेती?”

गिरिराज ने लोकसभा चुनाव के दौरान बयान दिया था, “मोदी विरोधियों को पाकिस्तान भेज दिया जाएगा।” कहा जा रहा है कि उनके इसी बयान पर पुरस्कार के रूप में बिहार के इन भाजपा नेता को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया। उनके ताजा बयान का देशभर में और नाइजीरिया में भी कड़ा विरोध हो रहा है।

सोनिया गांधी ने इससे पहले नीमच जिले के कई गांवों के खेतों में जाकर फसलों की हालत देखी और किसानों का हाल जाना और उन्हेंढाढस बंधाया। उन्होंने किसानों से कहा कि कांग्रेस पार्टी केंद्र व राज्य सरकार से अनुरोध कर उन्हें राहत दिलाने का प्रयास करेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गुरुवार की सुबह नीमच पहुंचीं। हवाईपट्टी पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी अगवानी की। उसके बाद सोनिया गांधी उन गांवों की ओर बढ़ गईं जहां फसलों को ज्यादा नुकसान हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493