भोपाल, 23 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी में एक पूर्व अधिकारी पर जानलेवा हमला कर 20 लाख रुपये के जेवरात लूटकर फरार हुए प्रमोद उर्फ पमपम को बिहार के पूर्णिया में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर भोपाल से एक पुलिस टीम पूर्णिया भेजी गई है।
पिपलानी थाना क्षेत्र की पुलिस के मुताबिक, आवासीय कॉलोनी सिद्धार्थ लेकसिटी में भोपाल मेमोरियल अस्पताल के पूर्व अधिकारी राय मधुकर सहाय अपनी पत्नी अंजलि राय के साथ रहते हैं। उन्होंने दिल्ली की एक प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए बिहार निवासी प्रमोद उर्फ पमपम को अपने यहां बतौर नौकर रखा था। प्रमोद ने 17 दिन बाद 13 जून को राय पर जानलेवा हमला किया और 20 लाख के जेवरात लेकर फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले दिनों पमपम के इलाहाबाद में होने की सूचना मिली। पुलिस ने जब इलाहाबाद में उसके ठिकाने पर दबिश दी तो वह जेवरात का बैग छोड़कर भाग निकला। भोपाल पुलिस वह बैग अपने साथ ले आई।
पिपलानी थाने के प्रभारी ब्रजेश भार्गव ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि पमपम को बिहार के पूर्णिया जिले की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे लेने के लिए भोपाल से पुलिस की टीम पूर्णिया के लिए रवाना हो गई है।
dharmpath.com dharmpath