भोपाल-मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार सुबह करोंद क्षेत्र स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी को एक धमकी भरा ईमेल मिला। मेल में दावा किया गया कि विश्वविद्यालय परिसर में साइनाइड युक्त बम लगाए गए हैं जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे। ईमेल में सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई थी। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना देर किए पूरा कैंपस खाली करवा दिया और पुलिस को सूचित किया।
धमकी भरा यह ईमेल विश्वविद्यालय के डीन की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था। संदेश में लिखा गया था कि कॉलेज में सायनाइड पॉइजन वाले बम रखे गए हैं। 12:15 बजे ये बम ब्लास्ट करेंगे। 11 बजे तक डॉक्टर और स्टूडेंट्स को निकाल लें। मेल में धार्मिक नारे का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल भेजने वाले ने खुद को सुसाइड बॉम्बर बताते हुए कहा कि यदि बम सक्रिय नहीं हुए तो हमलावर मेडिकल कॉलेज के अंदर घुसकर श्रीलंका के ईस्टर हमलों की तरह आत्मघाती विस्फोट करेंगे।
धमकी सामने आते ही यूनिवर्सिटी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। क्लासरूम, ओपीडी, लैब, प्रशासनिक भवन और बेसमेंट तक को खाली कराया गया। छात्रों, डॉक्टरों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर गेट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। पुलिस ने पूरे परिसर को घेर लिया और लोगों से अफवाहों से बचने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।
dharmpath.com dharmpath