भोपाल, 5 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी के शासकीय बालिका गृह की अधीक्षक एंतोनिया कुजूर को गंभीर अनियमितताओं के आरोप में शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया। महिला सशक्तीकरण आयुक्त जयश्री कियावत ने एंतोनिया के निलंबन का आदेश दिया।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, महिला बाल विकास विभाग के महिला सशक्तीकरण की आयुक्त जयश्री ने निरीक्षण के दौरान बालिका गृह की अधीक्षक को गैरहाजिर पाया था। सूचना दिए जाने के बाद भी एंतोनिया हाजिर नहीं हुईं।
अधीक्षक के गैरहाजिर रहने के अलावा राशन पंजी, भंडार पंजी, दैनिक उपस्थिति पंजी आदि पर प्रमाणीकरण और एंतोनिया के हस्ताक्षर नहीं थे। निलंबन अवधि में एंतोनिया को जिला महिला सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय से संबद्ध रहेंगी। वहीं अधीक्षक पद का प्रभार विकास खंड महिला सशक्तीकरण अधिकारी कीर्ति सिंह को दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath