भोपाल में अगवा बच्चा रायसेन से बरामद

भोपाल, 23 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 10 दिन पहले अगवा किए गए सात वर्षीय बालक निशांत झोपे को पुलिस ने पास के रायसेन जिले के जंगलों से रविवार को बरामद कर लिया।

रायसेन जिले के पुलिस अधीक्षक दीपक वर्मा ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि भोपाल से अगवा किए गए निशांत को गैरतगंज थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि दो लोग मोटरसाइकिल से एक बच्चे को जंगल में छोड़कर गए हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जंगल से निशांत को ढूंढ़ निकाला। पुलिस निशांत से बातचीत कर रही है। बच्चा 10 दिनों से कहां था और वह किसके साथ रहा, इसका खुलासा बच्चे से बातचीत के बाद ही हो सकेगा।

ज्ञात हो कि राजधानी के एक निजी स्कूल का विद्यार्थी निशांत 14 अगस्त को लापता हो गया था। वह भोपाल के साकेतनगर का निवासी है। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था और भोपाल व आसपास के जिलों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

सरकार ने निशांत के बारे में किसी भी तरह की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493