भोपाल-राजधानी भोपाल में आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग और सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के बाद शुरू होने वाली कार्रवाई को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। लिंक रोड नंबर-2 स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, निगम का पुतला फूंका और सरकार से जल्द मास्टर प्लान लागू करने के साथ व्यापारियों को तत्काल राहत देने की मांग की।
दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान और अन्य नेता शामिल हुए। करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भोपाल पिछले 25 सालों से बिना मास्टर प्लान के चल रहा है। इसका खामियाजा अब व्यापारियों और आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों और अवैध निर्माण से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को बड़ा झटका लगा है। उनके अनुसार, अदालत ने राज्य सरकार द्वारा गठित 10 सदस्यीय जांच समिति की कार्रवाई पर रोक लगा दी है और नगर निगम भी अदालत के सामने अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने में सफल नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि अब निगम व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सीलिंग और अन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। जबकि, इसके लिए सरकार और प्रशासन की सालों की लापरवाही जिम्मेदार है।
dharmpath.com dharmpath