भोपाल में युकां कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग

भोपाल, 2 फरवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर राजधानी में गृहमंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ने के अलावा बल प्रयोग भी किया।

युकां कार्यकर्ताओं ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय से गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह के आवास का घेराव करने के लिए कूच किया तो पुलिस ने सड़क पर पहले से ही लगाए गए बेरीकेड से उन्हें रोका। युकां कार्यकर्ताओं ने जब इन बेरीकेड को लांघकर आगे जाने की कोशिश की, तो पुलिस जवानों ने उन पर पानी की बौछारें छोड़ीं और उसके बाद हल्का बल प्रयोग भी किया।

इससे पहले, पार्टी दफ्तर के बाहर युकां की सभा हुई। इस सभा को युकां प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेशाध्यक्ष कुणाल चौधरी, विधायक जीतू पटवारी आदि ने संबोधित किया। यादव ने इस मौके पर कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी कर आर्थिक अराजकता का माहौल बनाया है तो मध्यप्रदेश में भाजपाई नेता और सरकार मे बैठे प्रतिनिधि ही अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं। आलम यह है कि अगर कोई भ्रष्टाचार को उजागर करने का साहस जुटाता है तो सरकार उसका तबादला कर देती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493