भोपाल में यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री पहुंचे सीएम मोहन यादव

भोपाल- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को भोपाल के आरिफ नगर स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गैस राहत अधिकारियों से लैंड यूज के संबंध में चर्चा की। उन्होंने फैक्ट्री देखने के बाद कहा कि हम बंद पड़ी फैक्ट्रियों से रोजगार ढूंढ रहे हैं।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि पहली बार कोई मुख्यमंत्री यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री में आया है। हमने ही पिछले साल यहां का जहरीला कचरा भी हटाया। आने वाले समय में कोर्ट के मार्गदर्शन में इस स्थान पर मेमोरियल समेत क्या-क्या कर सकते हैं, इसके सुझाव लेंगे। सभी पक्षों को विश्वास में लेकर इस जगह को बेहतर बनाएंगे।

सीएम यादव ने आगे कहा कि हम बंद पड़ी फैक्ट्रियों से रोजगार ढूंढ रहे हैं। एक के बाद एक नए काम कर रहे हैं। भोपाल को मेट्रोपॉलियन सिटी बना रहे हैं। जहां रुकावटें हैं, उन्हें हटा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में यहां मौत का तांडव हुआ था। यहां के जहरीले कचरे को कांग्रेस ने 25 साल तक पटककर रखा था। लोगों के लिए इस स्थान को भुतहा बना दिया था। हमारी सरकार ने कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए कचरे का खात्मा किया। सरकार गैस पीड़ितों के साथ है।

निरीक्षण के दौरान सीएम ने फैक्ट्री की करीब 85 एकड़ जमीन के उपयोग के संबंध में भी चर्चा की। बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग ने भी डीआरपी लाइन के लिए जमीन मांगी है। उधर, गैस पीड़ित संगठन भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मुलाकात करना चाह रहे थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। संगठन की रचना ढिंगरा ने बताया कि 2-3 मुद्दों पर बात करना चाह रहे थे कई महिलाओं को एक हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन नहीं मिल रही है। साथ ही गैस पीड़ितों के पुनर्वास, स्वास्थ्य को लेकर बनी राज्य स्तरीय समिति की बैठक पिछले 11 साल से नहीं हुई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात करना चाह रहे थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो पाई।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493