भोपाल-राजधानी भोपाल के हाई सिक्योरिटी माने जाने वाले 45 बंगला इलाके में चोरों ने भाजपा विधायक के सूने सरकारी आवास को निशाना बना लिया। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के सरकारी बंगले का ताला तोड़कर बदमाश स्कूटी, दो गैस सिलेंडर और बाथरूम व सिंक की टोंटियां सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। वारदात का खुलासा गुरुवार को हुआ जब विधायक के पीए राजेश लोधी लंबे समय से बंद पड़े आवास पर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, चोरों ने पहले सरकारी आवास के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। बरामदे में खड़ी स्कूटी को उन्होंने अपने कब्जे में लिया। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे सामान को खंगाला। घर में कीमती सामान नहीं मिलने पर आरोपियों ने बाथरूम और सिंक में लगी टोंटियां तक उखाड़ ली। साथ ही चोरों ने घर में मौजूद दो गैस सिलेंडर भी साथ ले गए।
विधायक प्रीतम सिंह लोधी का सरकारी आवास विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद से बंद था। 23 जुलाई को विधायक अपने घर चले गए थे और उनके साथ आवास पर रहने वाला स्टाफ भी चला गया था। इसके बाद मकान पर ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार को विधायक के पीए राजेश लोधी आवास पर पहुंचे तो मुख्य गेट और अंदर के कमरों के ताले टूटे मिले। घर की स्थिति देखने के बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।
dharmpath.com dharmpath