भ्रष्टाचार के खिलाफ सभी एकजुट हों : पण्ड्या

हरिद्वार, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या ने कहा कि वर्ष 2017 राष्ट्र के लिए नया संदेश लेकर आ रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 से एक नया युग शुरू होने जा रहा है और नए वर्ष में भ्रष्टाचार के खिलाफ सभी एकजुट हों।

नववर्ष की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में पण्ड्या ने कहा कि पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने 21वीं सदी उज्वल भविष्य की जो उद्घोषणा की और युग परिवर्तन का जो महाभियान चलाया है, उसका प्रत्यक्ष रूप अब उभरने जा रहा है।

डॉ. पण्ड्या ने कहा कि भारत वर्ष से प्रारम्भ हुए युग परिवर्तन का अभियान अब विश्व भर में फैलने जा रहा है। अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार के खिलाफ समाज में जागरूकता आने लगी है, लोग एकजुट होने लगे हैं। रिश्वतखोरी, कालाबाजारी, मिलावट, कामचोरी, दलाली जैसे भ्रष्टाचारों पर शिकंजा कसना आरम्भ हो गया है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भारत का भविष्य उज्‍जवल तथा समूची मानवता के लिए भी भविष्य का सूरज सुखद सन्देश लेकर आ रहा है।

2017 का स्वागत के लिए देश के विभिन्न राज्यों से गायत्री साधक, युवा शांतिकुंज पहुंचे। नववर्ष के प्रथम दिन से हवन, योग के साथ विशेष जप अनुष्ठान करेंगे। साधकों का शनिवार को अनुष्ठान संकल्प कराया गया एवं साधनाकाल की दिनचर्या के बारे में जानकारी दी गयी। साधक वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ जप अनुष्ठान करेंगे। शांतिकुंज मीडिया विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 1 जनवरी को विशेष हवन का क्रम होगा जिसमें महामृत्युंजय आहुति के साथ राष्ट्रोत्थान के लिए विशेष आहुतियां दी जाएंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493