नई दिल्ली, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने रविवार को कहा कि मंत्रिमंडल फेरबदल में जिम्मेदारियों का आवंटन प्रदर्शन के आधार पर किया गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवाबदेही का एक नया मानक तय किया है।
जेटली ने रविवार सुबह मंत्रिमंडल फेरबदल के बाद संवाददाताओं से कहा, “मंत्रिमंडल में जो नियुक्तियां की गईं हैं, वे साबित करती हैं कि प्रधानमंत्री ने जवाबदेही के नए मानदंड तय किए हैं। सभी मंत्रियों व विभागों की लगातार निगरानी हो रही है और प्रधानमंत्री जानते हैं कि कौन अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।”
उन्होंने कहा, “अच्छे प्रशासनिक अनुभव वाले नए लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। ये लोग सेवानिवृत्त होने के बाद भाजपा में शामिल हुए हैं। मैं निश्चित हूं कि उनका कार्यकाल सफल होगा।”
मोदी ने मंत्रिमंडल फेरबदल में नौ नए चेहरों को शामिल किया है। इसमें से चार पूर्व नौकरशाह हैं और चार राज्य मंत्रियों को पदोन्नति देकर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
जेटली ने कहा कि यह साफ है कि प्रधानमंत्री हर व्यक्ति व हर मंत्रालय के प्रदर्शन पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और उसी के अनुसार निर्णय ले रहे हैं।
जेटली के पास वित्त मंत्रालय के साथ रक्षा मंत्रालय का प्रभार भी था। रक्षा मंत्रालय को आज (रविवार) मंत्रिमंडल फेरबदल में निर्मला सीतारमण को दे दिया गया। सीतारमण को पदोन्नति देकर रक्षा मंत्रालय का प्रभार दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath