इंफाल, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ महत्वपूर्ण बैठक के लिए मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह सोमवार सुबह दिल्ली जाएंगे।
मख्यमंत्री इबोबी सिंह के साथ कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष टी.एन. हाओकिप और उप मुख्यमंत्री गैखनगम भी दिल्ली जाएंगे।
ऐसा माना जा रहा है कि इन लोगों ने नए मंत्रियों की सूची बना ली है और पार्टी हाईकमान से इस पर सिर्फ मुहर लगवाएंगे।
कांग्रेस के विक्षुब्ध विधायकों को उम्मीद है कि शपथ ग्रहण समारोह अगले मंगलवार को आयोजित होगा।
इस बीच मंत्रिमंडल से जिन 10 मंत्रियों को हटाए जाने की आशंका है। उन्होंने अपनी अंतिम लड़ाई शुरू कर दी है। इन लोगों का कहना है कि 13 विक्षुब्ध विधायकों का उन्हें समर्थन प्राप्त है और उनके खेमे में 23 कांग्रेसी विधायक हैं।
लेकिन नए प्रदेश अध्यक्ष हाओकिप ने कहा, “मंत्रिमंडल में फेरबदल करना मुख्यमंत्री का अधिकार है, इसलिए किसी को इस पर सवाल नहीं उठाना चाहिए।”
विदित हो कि हाओकिप एक प्रमुख असंतुष्ट नेता रहे हैं और उन्होंने भी मंत्रिमंडल में फेरबदल की मांग की है।
असंतुष्ट खेमा हाओकिप को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को अपनी जीत मान रहा है। इस खुशी में इन लोगों ने शनिवार को रात्रि भोज आयोजन किया, जिसमें सभी 25 असंतुष्ट कांग्रेसी विधायक मौजूद थे।
कुछ असंतुष्ट विधायकों ने मंत्रियों के इस दावे को नफरत भरे लहजे में खारिज कर दिया कि उनके साथ 23 कांग्रेसी विधायक हैं। एक विधायक ने रविवार को कहा, “सभी विधायक हमारे साथ हैं। हमलोग इस बात को भलीभांति जानते हैं कि सभी लोग मंत्री नहीं बन सकते हैं। यह सहमति बनी थी कि पहली बार जो विधायक बने हैं उन्हें मंत्री बनाया जाएगा और पुराने मंत्री उनके लिए जगह खाली करेंगे।”
उल्लेखनीय है कि 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में कांग्रेस के पास 48 विधायक हैं, जिनमें 42 गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीते थे और अन्य पार्टियों के छह विधायक बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। इनमें से 25 असंतुष्ट विधायक मंत्रिमंडल में फेरबदल की मांग कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath