मंदसौर के पीड़ित किसानों से मिले हन्नान मुल्ला व कई नेता (फोटो सहित)

मंदसौर, 11 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मंदसौर गोलीकांड पीड़ितों के घरों तक कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पाटीदार नेता हार्दिक पटेल पुलिस की सख्ती की वजह से न भले ही नहीं पहुंच पाए, मगर अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव हन्नान मुल्ला मंगलवार को अपने साथियों के साथ पीड़ितों के घरों तक पहुंच गए।

किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने शासन प्रशासन और पुलिस को चकमा देते हुए गोलीकांड में मारे गए किसान रामचंद्र पाटीदार के नीमच स्थित नया खेड़ा गांव और मंदसौर के बरखेड़ापंत में अभिषेक पाटीदार के घर तक पहुंचने में कामयाब रहे। दल में शामिल लोगों ने पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि पिछले साल तो उन्हें अपनी उपज का सिर्फ 60 फीसदी ही दाम मिल पाया था और इस बार नोटबंदी के चलते सोयाबीन जो पांच से छह हजार रुपये प्रति क्विंटल बिकता था, उसे दो हजार रुपये की दर पर बेचना पड़ा। यही हाल बाकी फसलों का भी रहा।

पीड़ितों ने बताया कि गोलीकांड को एक सप्ताह गुजर गया है, मगर अब तक किसी भी अधिकारी व क्षेत्रीय सांसद या विधायक ने उनका हाल जानने की जहमत नहीं उठाई। इस क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती है और किसानों को ‘धमकाया’ भी जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल में किसान सभा के अध्यक्ष आमरा राम, राज्यसभा सदस्य सोम प्रसाद, बीजू कृष्णन, कृष्ण प्रसाद, गुरुचरण सिंह मोर, जसविंदर सिंह आदि शामिल थे।

किसान सभा के नेताओं ने सरकार से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा घोषित एक करोड़ रुपये का मुआवजा तुरंत देने और पीड़ित परिवार के एक बालिग को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। साथ ही किसानों पर दर्ज मामले वापस लेने की भी मांग की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493