नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। किसान संघों ने मंदसौर में किसानों पर पुलिस गोलीबारी के सिलसिले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) में मंगलवार को एक शिकायत दर्ज कराई।
अपनी शिकायत में राष्ट्रीय किसान महासंघ (62 किसान संगठनों का समूह) ने किसानों पर पुलिस की गोलीबारी को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। महासंघ का कहना है कि किसान शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे।
महासंघ ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारी किसानों को बेहद नजदीक से गोली मारी गई और उसने अपने इस दावे के पक्ष में विभिन्न समाचार रपटों का हवाला दिया।
उसने एनएचआरसी से जांच के लिए अधिकारियों को मंदसौर भेजने तथा उपयुक्त कार्रवाई करने की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किसानों की समस्याओं का समाधान न करने को लेकर कई संगठन इस सप्ताह से राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करने वाले हैं।
dharmpath.com dharmpath