मुंबई, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। जियो मामी मुंबई फिल्म समारोह मेले के 17वें संस्करण में यहां महबूब स्टूडियो में आकांक्षी लेखकों के लिए एक खुली भर्ती कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
‘इरोज इंटरनेशनल’ समारोह के ज्ञान सहभागी के तौर पर शनिवार को ‘ट्रिनिटी पिक्च र्स’ के सीईओ अजित ठाकुर के साथ एक कक्षा सत्र का आयोजन करेगा।
इस सत्र में ठाकुर भारत में फ्रेंचाइज फिल्मों के महत्व पर प्रकाश डालेंगे। वह ‘इरोज इंटरनेशनल’ में लेखकों और निर्देशकों के लिए संभावित करियर के अवसरों के बारे में भी बात करेंगे।
मंच तलाश रहे लेखक कार्यशाला में ‘ट्रिनिटी राइटर्स’ के कक्ष में वरिष्ठ लेखकों से बातचीत कर सकते हैं और अपनी अर्जी दाखिल कर सकते हैं। इस आधार पर चयनित उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
ठाकुर ने एक बयान में कहा, “मामी जैसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोह के साथ सहभागिता करने की हमें खुशी है। मामी को केवल अच्छा सिनेमा दिखाने के लिए ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में उभरते हुए लेखकों और निर्देशकों को आकर्षित करने के लिए भी जाना जाता है।”
ठाकुर ने कहा, “हमें उम्मीद है कि यह समारोह कुशल लेखकों को खोजने के लिए एक सही मंच साबित होगा।”
समारोह का आयोजन 29 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच होगा।
dharmpath.com dharmpath