नई दिल्ली, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। सऊदी अरब के मक्का में गुरुवार को हुई भगदड़ में चार अन्य भारतीयों की भी मौत हो गई है, जिसके बाद मृतक भारतीयों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा, “ताजा जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 18 भारतीयों की मौत हो चुकी है। सऊदी अरब में हमारा कूटनीतिक मिशन स्थानीय प्रशासन और पीड़ितों के परिजनों के साथ मिलकर मृतकों की पहचान की पुष्टि करने और शवों को जल्द से जल्द लेने की औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है।”
उन्होंने यह भी कहा, “अधिकारी जानकारी जुटाने और लापता तीर्थयात्रियों के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं।”
इन चारों मृतकों में दो गुजरात और एक-एक झारखंड तथा उत्तर प्रदेश से हैं।
मृतकों में गुजरात की हफीजाबहन सतर्ष दिवान और सैयद अब्दुल हुसैन शामिल हैं, जबकि झारखंड से रसूल अली और उत्तर प्रदेश से मोइनुद्दीन हैं।
इस दुर्घटना में 14 भारतीयों की मौत की घोषणा शुक्रवार को की गई थी। इनमें से नौ गुजरात, दो-दो झारखंड व तमिलनाडु और एक महाराष्ट्र से थे।
इस हादसे में 13 भारतीय तीर्थयात्रियों के घायल होने की सूचना है।
सऊदी अरब में मक्का के बाहरी इलाके में मीना शहर में गुरुवार को हुई इस भगदड़ में 717 लोगों के मरने की पुष्टि की गई है। हज यात्रा के दौरान पिछले 25 साल में यह सबसे भयानक हादसा था।
dharmpath.com dharmpath