कोच्चि, 12 जून (आईएएनएस)। जहाजरानी महानिदेशालय के अधिकारियों ने सोमवार को उस मालवाहक पोत का निरीक्षण शुरू किया, जिसने रविवार को मछली पकड़ने वाली एक नौका को टक्कर मार दी थी। टक्कर में दो मछुआरों की मौत हो गई और एक लापता हो गया है। पोत पर पनामा का ध्वज लगा हुआ है।
जहाजरानी अधिकारियों के साथ तटरक्षक, तटीय पुलिस और केरल पुलिस के अधिकारी भी हैं।
उर्वरक ले जा रहे मालवाहक पोत के निरीक्षण के बाद अगले कदम पर फैसला किया जाएगा।
कोच्चि पुलिस आयुक्त एम.पी. दिनेश ने कहा, “इस मामले को आगे ले जाने के लिए कई प्रक्रियाएं पूरी करनी पड़ेंगी।”
दिनेश ने कहा, “आज की जांच से स्पष्ट होगा कि क्या हुआ था और उसके अनुसार ही कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।”
सोमवार को ही जहाज के कप्तान को हिरासत में लिए जाने के फैसले के बारे में पता चलेगा।
रविवार को तट पर दो मछुआरों का शव लाया गया था। लापता मछुआरे की तलाश जारी है।
मृतकों में से एक तमिलनाडु का, जबकि दूसरा असम का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि लापता मछुआरा उत्तर प्रदेश का है। मछली पकड़ने वाली एक अन्य नौका ने 11 मछुआरों को बचाया था।
दुर्घटनाग्रस्त नौका में सवार मछुआरों के अनुसार, दुर्घटना यहां तट से समुद्र में लगभग 16 मील की दूरी पर हुई।
मछुआरों ने कहा, “मालवाहक पोत ने कोई चेतावनी नहीं दी और नौका को टक्कर मारने के बाद वह बिना रुके चला गया। समुद्री कानून के अनुसार यह गंभीर अपराध है।”
dharmpath.com dharmpath