इम्फाल, 9 मार्च (आईएएनएस)। मणिपुर के आठ जिलों के 34 मतदान केंद्रों पर गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से दोबारा मतदान हो रहा है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विवेक कुमार देवांगन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है।
मतदान केंद्रों पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था की गई है।
केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 12 टुकड़ियां और राज्य पुलिस की 20 टुकड़ियों को मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है।
राज्य में पहले चरण के चुनाव चार मार्च को हुए थे। इस दिन जिन क्षेत्रों में मतदान हुए थे उनमें से 38 निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर दोबारा वोट डाले जा रहे हैं।
देवांगन ने गुरुवार को कहा कि मतगणना के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और मतदान एवं सुरक्षाकर्मियों को जिला मुख्यालयों में लाया गया है।
उन्होंने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, 86 फीसदी मतदाताओं ने बुधवार को 22 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
देवांगन ने कहा, “मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है क्योंकि दूरवर्ती मतदान केंद्रों से अभी मतदान का आंकड़ा नहीं मिला है।”
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बड़ी संख्या में मतदाताओं के मतदान केंद्र पहुंचने की सराहना करते हुए कहा, “यह ऐतिहासिक है और लोकतंत्र की सफलता को दर्शाता है। मतदान प्रतिशत सर्वाधिक रहा।”
dharmpath.com dharmpath