मणिपुर : गोलीबारी में 10 घायल, कर्फ्यू लागू

इम्फाल, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मणिपुर के इम्फाल पश्चिम जिले में सोमवार को प्रदर्शनकारियों के एक समूह की ओर से हुई अंधाधुंध गोलीबारी और पुलिस के साथ हुई भिड़ंत में 10 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था के और भी खराब हो जाने के डर से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है।

यह घटना इम्फाल पश्चिम जिले के मयांग इम्फाल कोंचाक क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुई।

जिला मजिस्ट्रेट ने मयांग इम्फाल कोंचाक और उसके आसपास के इलाकों में तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगा दिया है।

इस घटना में ग्रामीणों के दो समूहों के बीच हुई भिड़ंत में नौ घर और कुछ दुकानें जलकर खाक हो गईं।

पुलिस सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि उन्हें सूचना मिली कि मयांग इम्फाल कोंचाक में रहने वाले एक व्यक्ति राजन के घर में आग लग गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि किसी ने जानबूझ कर आग लगाई थी और इसके बाद प्रदर्शन शुरू हो गया।

पुलिस और दमकल की गाड़ियां सूचना मिलने के बाद तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन क्रुद्ध भीड़ ने उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया।

चश्मदीदों का कहना है कि कुछ लोगों ने पुलिस और भीड़ पर गोलीबारी की, जिसमें 10 लोग घायल हो गए।

इस घटना में घायल 10 में से तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसमें एक पुलिस कमांडो भी शामिल है और उसे इम्फाल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस का कहना है कि वह इस बात की जांच कर रही है कि राजन के घर में आग जानबूझ कर लगी या अनजाने में।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “ग्रामीणों के दो समूहों के बीच हुई झड़प के पीछे के कारण का पता लगाया जा रहा है, लेकिन अभी स्थिति को सामान्य करना सबसे पहला काम है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन अन्य जिलों के अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।”

इस बीच, थौबल जिले में अक्टूबर 2015 में एक दुकानदार से छह लाख रूपये लूटे जाने के मामले में कुछ पुलिस कमांडो की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कुछ लोग पिछले 18 घंटे से प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके कारण सामान्य जन-जीवन प्रभावित हो रहा है।

दुकानदार अताओ रहमान ने आईएएनएस को बताया कि एक दिन वह अपनी दुकान के लिए कुछ समाना खरीदने थौबल जिले के लिलोंग से अपने दुपहिया वाहन पर इम्फाल आया था।

रहमान ने बताया कि कुछ पुलिस कमांडो ने इम्फाल के ओल्ड एम्बेसी रोड पर उसे रोका। इसके बाद उन्होंने दुकानदार के साथ मार-पीट कर और उससे पैसे लूट कर उसे मंत्री पुखीर इलाके में छोड़ दिया।

उसने कहा कि पुलिस ने उस पर एक आतंकवादी समूह के साथ जुड़े होने का आरोप लगाया और उसकी शिकायत को खारिज कर दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493