इंफाल, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मणिपुर के शिक्षा मंत्री थोकचोम राधेश्याम ने शनिवार को कहा कि इस हफ्ते के शुरू में 12वीं कक्षा के भौतिकी के प्रश्नपत्र को लीक करने के दोषियों को सजा मिलेगी। उन्होंने छात्र संगठनों समेत समाज के सभी वर्गो का इस मामले में सहयोग मांगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा, “मैं वादा करता हूं कि इस मामले में शामिल लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी, चाहे उनकी पहुंच कहीं तक भी हो। हम समाज के सभी वर्गो से सहयोग भी मांग रहे हैं ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।”
उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद, मणिपुर द्वारा संचालित परीक्षा में 12वीं का भौतिकी का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले पांच अप्रैल को सोशल मीडिया पर लीक हो गया था।
आईपीएस अफसर से राजनेता बने राधेश्याम ने कहा कि दोषियों को दंडित करने के लिए मामले की जांच पुलिस के साथ-साथ शिक्षा विभाग द्वारा भी की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि इस मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन्होंने पेपर आनलाइन डाला था। इनसे पता किया जा रहा है कि इन्हें पेपर कहां से मिला।
छात्र संगठन डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स अलायंस आफ मणिपुर ने कहा है कि सोशल मीडिया पर पेपर को पोस्ट करने वालों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। पेपर लीक के लिए जिम्मेदार अफसरों पर मामला दर्ज होना चाहिए।
पुलिस का कहना है कि प्रश्नपत्रों को लीक करना राज्य में एक फलता-फूलता व्यवसाय बनता जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath