मणिपुर : भाजपा की 27 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी

इंफाल, 4 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा की केंद्रीय निर्वाचन समिति ने 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए चार और आठ मार्च को होने वाले मतदान के लिए शनिवार को 27 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।

भारतीय जनता पार्टी भाजपा कुछ दिन पूर्व 31 उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर चुकी है। दो उम्मीदवारों की घोषणा करनी अभी बाकी है।

भाजपा और सत्ताधारी कांग्रेस ने ही अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

कुछ बड़े नेता सूची में अपना नाम न होने से निराश हैं। इनमें से सबसे प्रमुख नेता, सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक यमनाम जॉयकुमार हैं।

नेमचा किपगेन को कांगपोकपी सीट से भाजपा का टिकट मिला है। उन्होंने सत्ताधारी कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा है। दूसरी भाजपा महिला उम्मीदवार एस.एस. ओलिश हैं, जिन्हें चंदेल सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

अभी तक भाजपा की तरफ से एक मात्र मुस्लिम उम्मीदवार है। खेत्रिगाव सीट से किसी मुसलमान उम्मीदवार को टिकट मिल सकता था, लेकिन यहां से भी एक गैरमुस्लिम को उम्मीदवार बना दिया गया है। इसके ठीक विपरीत कांग्रेस की सूची में तीन मुस्लिम उम्मीदवार, दो महिला और एक नेपाली उम्मीदवार है।

शनिवार की सूची में शामिल एक प्रमुख उम्मीदवार क्षेत्रीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक ललूखम फिमेट हैं। वह फिलहाल इंफाल के जे.एन. चिकित्सा विज्ञान संस्थान में फोरेंसिक विज्ञान विभाग के प्रमुख हैं। उन्होंने 2012 का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन जीत नहीं पाए थे।

संकेत है कि भाजपा का टिकट न मिलने से निराश कुछ लोग दूसरी पार्टियों में शामिल हो सकते हैं। भाजपा का टिकट न मिलने पर सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी, पी. धनकुमार पहले ही एक स्थानीय पार्टी में शामिल हो गए हैं और वह चुनाव लड़ रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493