मथुरा : अवैध कब्जा हटाने गई पुलिस पर फायरिंग, थाना प्रभारी की मौत

मथुरा, 2 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के राजकीय उद्यान जवाहर बाग में अवैध कब्जा जमाए लोगों ने गुरुवार को पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस और इन लोगों के बीच हुई गोलीबारी में एक थाना प्रभारी की मौत हो गई, जबकि एसपी सिटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में पांच अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

पुलिस डीजी कंट्रोल रूम ने आईएएनएस को बताया कि थाना प्रभारी संतोष यादव की इस संघर्ष में मौत हो गई, जबकि छह अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इस झड़प में कब्जा करने वाले पक्ष के भी कुछ लोग घायल हुए हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शाम करीब पांच बजे पुलिस ने जवाहर बाग को चारों तरफ से घेर लिया। बाद में पुलिस अंदर घुस गई। कब्जा करने वालों ने नारेबाजी करते हुए इसका सख्त विरोध किया और वे हथियारों के साथ पुलिस से भिड़ गए।

पुलिस बल के अंदर पहुंचते ही अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। कब्जा करने वालों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एसओ संतोष कुमार यादव की मौत हो गई, जबकि एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जवाहर बाग में करीब 50 बीघा जमीन पर इन लोगों का कब्जा है। यह स्थान कभी उद्यान विभाग का पार्क था। जवाहर बाग पर कब्जा होने के बाद यहां आम लोगों का आना जाना बंद हो गया। पिछले दो वर्ष से राजकीय उद्यान जवाहर बाग में कब्जा जमाए इन लोगों को हटाने के लिए पुलिस पिछले कई महीनों से तैयारी में जुटी हुई थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी ऑपरेशन जारी है। कुछ कहना सहीं नहीं होगा। पार्क को जल्द ही पूरी तरह से खाली करा लिया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493