लखनऊ, 9 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर मदरसा शिक्षा को खत्म करने की मांग की है। रिजवी ने यह भी कहा है कि कुछ आतंकवादी संगठन भी अवैध रूप से चल रहे मदरसों को फंडिंग कर रहे हैं।
उन्होंने सभी मदरसे को सीबीएसई और आईसीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ने को भी कहा है। वसीम रिजवी ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि ज्यादातर मदरसे जकात के पैसे से चल रहे हैं जो भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे देशों से आ रहे हैं। कुछ आतंकवादी संगठन भी अवैध रूप से चल रहे मदरसों को फंड दे रहे हैं।
पत्र में यह भी लिखा गया है कि मुस्लिम इलाकों में ज्यादातर मदरसे सऊदी अरब के भेजे धन से चल रहे हैं। इसकी जांच की जानी चाहिए।
मोदी को लिखे पत्र में रिजवी ने कहा है कि मदरसों में शिक्षित युवा रोजगार के मोर्चे पर अनुत्पादक होते हैं। उनकी डिग्रियां सभी जगह मान्य नहीं होतीं और खासकर निजी क्षेत्र में जो रोजगार है, उसमें मदरसा शिक्षा की कोई भूमिका नहीं होती। ऐसे में पूरा समुदाय समाज के लिए ‘हानिकारक’ हो जाता है।
dharmpath.com dharmpath