हैदराबाद, 4 जनवरी (आईएएनएस)। महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर अब देश में मधुमेह के प्रति जागरूकता फैलाते नजर आएंगे। मधुमेह के उपचार कि दिशा में काम करने वाली दुनिया की अग्रणी नोवो नॉर्डिस्क ने सोमवार को सचिन को मधुमेह के खिलाफ भारत में शुरू किए गए अपने जागरूकता अभियान ‘चेंजिंग डायबिटीज’ का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया।
कंपनी अधिकारियों ने यहां एक समारोह के दौरान यह घोषणा की।
इस अवसर पर सचिन ने कहा कि मधुमेह भारत में ही नहीं पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है और इसके प्रति जागरूकता फैलाए जाने की जरूरत है।
भारत में इस समय 6.92 करोड़ लोग मधुमेह से ग्रस्त हैं तथा 2035 तक यह संख्या 12.35 करोड़ तक पहुंच जाने की आशंका है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि 3.5 करोड़ लोगों को तो पता तक नहीं है कि उन्हें मधुमेह है।
नोवो नॉर्डिस्क इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक मेल्विन डीसूजा ने कहा, “भारत दुनिया में सर्वाधिक मधुमेह मरीजों वाला देश है तथा नोवो नॉर्डिस्क मधुमेह और इससे जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव के प्रति जागरूकता फैलाने को प्रतिबद्ध है।”
dharmpath.com dharmpath