भोपाल, 26 जनवरी (आईएएनएस)। गणतंत्र दिवस के मौके पर पार्टी कार्यालय पर ध्वजारोहण करते हुए कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अरुण यादव ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ और जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का एलान किया।
कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश अध्यक्ष यादव ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने प्रदेश और देश में खुशहाली, शांति, प्रगति और उज्जवल भविष्य की कामना की।
उन्होंने पार्टी की ओर से प्रदेशवासियों को विश्वास दिलाया कि भाजपा की ‘जनविरोधी नीतियों और संकीर्ण कार्यप्रणाली’ के खिलाफ कांग्रेस आम आदमी के हितों के लिए अपने सिद्धांतों और चरित्र के अनुरूप अपनी पूरी शक्ति के साथ आगे भी अपना संघर्ष जारी रखेगी।
यादव ने कहा कि नोटबंदी के फैसले से आमजन, किसान, व्यापारी, मजदूर एवं सर्वहारा वर्ग काफी परेशान है। नोटबंदी का जिस तरह क्रियान्वयन हुआ, उसे दुनियाभर के अर्थशास्त्रियों, बुद्धिजीवियों ने प्रबंधन की असफलता और लूट-खसोट बताया है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस कालेधन एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ी जाने वाली लड़ाई का खुले तौर पर समर्थन करती है, लेकिन मौजूदा सरकार द्वारा अपनाए गए तरीके के खिलाफ है। नोटबंदी से प्रदेश और देश का आमजन काफी पीड़ित है और लोग अपने ही पैसों के लिए मोहताज हो गए।”
dharmpath.com dharmpath