भोपाल, 25 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर बुधवार सुबह हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
ज्योतिष गणना के मुताबिक, गर्मी के मौसम में नौ दिन सबसे गर्म होते हैं, क्योंकि सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है और सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, इस अवधि को नौ तपा कहा जाता है। बुधवार से नौ तपा की शुरुआत हो गई है। सुबह में हवाओं का असर देखा गया, जिन्होंने गर्मी से राहत दिलाई। बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर पड़ी बौछारों ने गर्मी से राहत दिलाई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान रीवा संभाग, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, झाबुआ, अलिराजपुर में तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है।
राजधानी भोपाल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री, इंदौर में 25.6 डिग्री, ग्वालियर में 27.5 डिग्री और जबलपुर में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री, इंदौर में 40.3 डिग्री, ग्वालियर में 40.7 डिग्री और जबलपुर में 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath