भोपाल, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में सोमवार सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। बदली छाए होने की वजह से धूप का असर कम रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है।
राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, रीवा और सागर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में मामूली गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर, ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव से तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में सोमवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, इंदौर में 19.5 डिग्री, ग्वालियर में 17.2 डिग्री और जबलपुर में 21.5 डिगी सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, रविवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री, इंदौर में 33 डिग्री, ग्वालियर में 29.3 डिग्री और जबलपुर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath