शिमला, 7 फरवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश राज्य के चर्चित पर्यटन स्थल मनाली में रविवार को बर्फबारी हुई। राज्य की राजधानी शिमला बर्फबारी से अछूती रही।
मनाली से ऊपर की पहाड़ियों जैसे गुलाबा, सोलांग और कोठी में रविवार तड़के से सामान्य हिमपात देखा गया।
स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी शिमला और कुफरी व मशोबरा जैसी जगहों पर बारिश हुई।
शिमला में रविवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मनाली में न्यूनतम तापमान एक डिग्री व डलहौली में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, शिमला, सिरमौर और चंबा जिलों के पहाड़ी इलाकों में शनिवार रात से बर्फबारी हो रही है, जबकि बीच की व निचली पहाड़ियों में बारिश हो रही है।”
किन्नौर जिले के कल्पा, लाहौल-स्पीति के केलांग में भी बर्फबारी हुई।
कांगड़ा जिले के धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां 47.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार तक सक्रिय रहेगा।
dharmpath.com dharmpath