शिमला, 25 सितंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मनाली में भारी बारिश के चलते भूस्खलन के कारण सभी बड़े संपर्क मार्ग पर यातायात बंद होने के एक दिन बाद मंगलवार को यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया।
प्रशासन ने हालांकि, मोटर वाहन का उपयोग करने वालों को बेहद जरूरी होने पर ही मनाली की ओर यात्रा करने की सलाह दी है।
उपमंडल मजिस्ट्रेट रमन गरसंघी ने आईएएनएस को फोन पर बताया, “एक संकरे संपर्क मार्ग पर आंशिक रूप से यातायात बहाल हुआ है, सिर्फ छोटे वाहनों को आवागमन की अनुमति है।”
उन्होंने कहा, “और ज्यादा भूस्खलन होने की आशंका अधिक है। कुल्लू और मानली के बीच विभिन्न जगहों पर राष्ट्रीय राजमार्ग अभी भी कई जगों पर अवरुद्ध है।”
गरसंघी ने कहा कि पिछले तीन दिनों में बारिश व भूस्खलन के चलते दूरसंचार सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने बताया कि मनाली के वशिष्ठ और रंगरी में भूस्खलन की घटना हुई है। हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ है।
वहीं, सोमवार रात को किन्नौर जिले के पंगी गांव में वाहन फिसलकर घाटी में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath