मुंबई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ‘इंडियास नेक्स्ट टॉप मॉडल’ में अपने आगामी ब्राइडल कलेक्शन का प्रदर्शन कर रहे हैं और इस कार्यक्रम की एक प्रतियोगी को मनीष ने किसी एक शो में रैंप पर चलने का मौका भी दिया है।
मनीष ने कहा कि एमटीवी चैनल के इस कार्यक्रम के प्रतियोगियों, खासकर नीलम विरवानी ने उन्हें काफी प्रभावित किया है।
मल्होत्रा ने एक बयान में कहा, “उन्होंने अपनी लंबाई को अपनी ताकत बनाया है और जिस तरह उन्होंने मेरे नए ब्राइडल कलेक्शन को पहना है, वह वाकई काबिले तारीफ है। मैंने उन्हें अपने आगामी कार्यक्रमों में एक में रैंप पर वॉक करने की पेशकश की है।”
ऐश्वर्या राय, करीना कपूर और दीपिका पादुकोण जैसी बॉलीवुड शख्सियतों के परिधान डिजाइन करने वाले मनीष इस कार्यक्रम के दूसरे सीजन के एपिसोड में नजर आएंगे। यह रविवार को ऑन एयर होगा।
dharmpath.com dharmpath