अशोकनगर- मध्य प्रदेश में बच्चों की सेहत से जुड़ी एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। बीते दिनों कफ सिरप से हुए 23 बच्चों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब स्वास्थ्य विभाग की एक और गंभीर गलती उजागर हुई है। इस बार मामला कृमि मुक्ति अभियान के दौरान बच्चों को दी गई एल्बेंडाजोल टैबलेट से जुड़ा है। जांच में पता चला है कि जो दवा बच्चों को दी गई थी, उसका एक पूरा बैच अमानक निकला।
प्रदेश के सरकारी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थाओं में 23 और 26 सितंबर को लाखों बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 एमजी की टैबलेट दी गई थी। बाद में रिपोर्ट आई कि बैच नंबर B251362 की टैबलेट अमानक यानी खराब पाई गई है। जैसे ही यह जानकारी सामने आई वैसे ही अशोकनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) ने 6 अक्टूबर को आदेश जारी कर दवा के वितरण पर रोक लगा दी। लेकिन तब तक हजारों बच्चों को यह टैबलेट दी जा चुकी थी।
dharmpath.com dharmpath