ग्वालियर, 6 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में जारी अवैध खनन के काले कारोबार को रोकने में रविवार को एक और सरकारी मुलाजिम की जान चली गई। फॉरेस्ट गार्ड (वन रक्षक) नरेंद्र शर्मा को रेत से भरे ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। पुलिस ने आरोपी टैक्टर चालक के खिलाफ हत्या कर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली के अनुसार, रविवार को ग्वालियर, भिंड व मुरैना के वन विभाग का अमला संयुक्त रूप से खनन कारोबार में लगे वाहनों की चेकिंग में लगा था। इसी दौरान मुरैना के नूराबाद से रेत भरे कुछ ट्रैक्टर ग्वालियर की तरफ आ रहे थे। वे चेकिंग कर रहे दल को चकमा देकर भाग रहे थे, इनमें से एक ट्रैक्टर को रायरु थाना क्षेत्र में फॉरेस्ट गार्ड नरेंद्र शर्मा ने रोकने की कोशिश की, तो ट्रैक्टर चालक वाहन को तेज रफ्तार से लेकर भगाने लगा, भाग रहे ट्रेक्टर का संतुलन बिगड़ा और रेत से भरी टॉली पलट गई, नरेंद्र उसके नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई।
ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक हरिनारायण चारी मिश्रा ने संवाददाताओं केा बताया है कि ट्रैक्टर चालक लल्ली के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
ज्ञात हो कि लगभग तीन वर्ष पूर्व होली के मौके पर मुरैना जिले के नूराबाद में अवैध खनन को रोकने की कोशिश में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी नरेंद्र सिंह की भी ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। अब अवैध खनन रोकने की कोशिश में नरेंद्र शर्मा की जान ले ली गई है।
dharmpath.com dharmpath