मप्र उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित

भोपाल, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने राज्य को सम्मानित किया।

आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मध्य प्रदेश की टीम को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस प्रोग्राम के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए पुरस्कृत किया गया। राष्ट्रीय सम्मेलन में राज्य की ओर से यह पुरस्कार स्टेट क्वालिटी एश्योरेंस समिति के डॉ. पंकज शुक्ल, डॉ. विवेक मिश्रा और जूही जायसवार ने ग्रहण किया। केंद्रीय मंत्री चौबे ने सतना के सरदार वल्लभ भाई पटेल अस्पताल को भी पुरस्कृत किया।

बताया गया है कि रोगियों को गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार के नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस मापदंड के अनुरूप प्रदेश में क्वालिटी एश्योरेंस सेल का गठन किया गया है। राज्य, संभाग और जिला स्तर पर गठित समितियां विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा कर अस्पताल की गुणवत्ता बढ़ाती हैं।

शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और संस्थाओं के उन्नयन के लिए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड के तहत सेवा प्रदायगी, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, रोगी के अधिकार, इनपुट, संक्रमण नियंत्रण, सहायक सेवाएं गुणवत्ता सेवा प्रबंधन और आउट कम विकसित कर सेवाएं दी जाती हैं। गुणवतापूर्ण सेवा देने के लिए कर्मचारियों का सतत प्रशिक्षण भी होता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493