भोपाल, 15 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
सरकार के पास आए अब तक के ब्यौरे के मुताबिक लगभग एक हजार गांवों में फसलें प्रभावित हुई हैं। यह जानकारी गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ओलावृष्टि से फसल को हुए नुकसान की समीक्षा बैठक में दी गई।
समीक्षा बैठक में यहां मुख्यमंत्री ने कहा, “फसल नुकसान का आकलन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। सर्वेक्षण दल में राजस्व के अलावा कृषि और पंचायत विभाग के मैदानी अमले, पंच-सरपंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए, ताकि आकलन में किसी भी किसान को कोई शिकायत नहीं रहे।”
चौहान ने कहा, “फसल के नुकसान का आकलन सार्वजनिक करने के लिए पंचायत भवनों की दीवारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सर्वेक्षण की रिपोर्ट चस्पा करवाई जाए। प्राप्त आपत्तियों का तत्काल निराकरण कर रिपोर्ट में सुधार किया जाए। प्रभावित किसानों के नुकसान की भरपाई हर हालत में होना चाहिए।”
बैठक में बताया गया कि फसल को हुए नुकसान के प्रारंभिक आंकड़ों में बदलाव हुआ है। अब प्रभावित गांवों की संख्या 621 से बढ़कर 984 हो गई है।
बैठक में लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह, मुख्य सचिव बी़ पी़ सिंह, अपर मुख्य सचिव (वित्त) ए. पी. श्रीवास्तव, कृषि उत्पादन आयुक्त पी. सी. मीना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
dharmpath.com dharmpath