भोपाल, 11 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग ने आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहे राज्य के वरिष्ठ साहित्यकारों, कलाकारों, शायरों और उनके आश्रितजनों से आवेदन मांगा है, ताकि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय से मिलने वाली सहायता राशि उन्हें दिलाई जा सके।
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय में जरूरतमंद कलाकारों और उनके आश्रितों के लिए आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रावधान है। इसके लिए विभिन्न राज्यों से जरूरतमंद कलाकारों और उनके आश्रितों द्वारा आवेदन किए जा रहे हैं।
राज्य संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मनोज श्रीवास्तव ने परिपत्र जारी करते हुए कहा कि जिस तरह अन्य राज्यों से सैकड़ों कलाकार-साहित्यकार एवं उनके आश्रित इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, वैसे ही मध्य प्रदेश के कलाकार, साहित्यकार एवं विद्वान भी इसका लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इस योजना से अवगत कराते हुए जरूरतमंदों के आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए।
विभाग की ओर से बताया गया है कि आर्थिक सहायता पाने के इच्छुक कलाकार निर्धारित आवेदन प्रपत्र (फॉर्म) भोपाल स्थित मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी से प्राप्त कर सकते हैं। इन प्रपत्रों को डाक के जरिए भी भेजने की व्यवस्था है। सभी आवेदन सहायता राशि मंजूर कराने के लिए राज्य के सांस्कृतिक विभाग की ओर से केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय को भेजे जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath