मप्र का चित्रकूट उपचुनाव : भाजपा की खुशी ज्यादा देर न टिकी (फोटो सहित)

भोपाल, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजनीति का खेल ही निराला है, कौन और कब छल लिया जाए, किसी को पता नहीं चलता। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में यह मंगलवार को देखने को मिला। उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दिवंगत कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह के भतीजे मंगल सिंह के भाजपा में आने का ऐलान किया, तो शाम होते-होते मंगल सिंह ने खुद को कांग्रेस समर्थक बताया।

चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के विधायक प्रेम सिंह के निधन के चलते उपचुनाव होने जा रहे हैं। नौ नवंबर को होने वाले मतदान से पहले भाजपा और कांग्रेस हर स्तर पर अपना दावा मजबूत करना चाहती है। इसी क्रम में पूर्व विधायक के भतीजे मंगल सिंह के भाजपा ने अपने साथ आने का दावा किया।

भाजपा की विज्ञप्ति के मुताबिक, मंगल सिंह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, सांसद गणेश सिंह एवं पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।

इस मौके पर चौहान ने कहा कि पूर्व विधायक प्रेम सिंह ने इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की ज्योति जला रखी थी। वे लोकप्रिय नेता थे। अब उनके परिवार वालों ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के विकास कार्यो से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थाम लिया है।

प्रेम सिंह के भतीजे के भाजपा में जाने की चर्चा जंगल में आग की तरह पूरे प्रदेश में फैल गई। लेकिन शाम होने तक मंगल सिंह ने साफ कर दिया कि उनका परिवार कांग्रेस के साथ था और रहेगा। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह को अपने परिवार का मार्गदर्शक बताया। अजय सिंह ने मंगल सिंह से मुलाकात भी की।

चंद घंटों में बदले घटनाक्रम ने भाजपा को मिली खुशी उससे छीन ली। अब भाजपा अपने ऐलान पर सफाई देने की तैयारी करेगी। मंगल सिंह ने कहा, “मैं घर के बाहर खड़ा था, तभी भाजपा नेताओं ने मुझे माला पहना दी और इसका गलत तरीके से प्रचार किया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493